Homeउत्तर प्रदेशबुंदेलखंड विश्वविद्यालय की उन्नत भारत अभियान कार्यशाला में ग्रामीण बच्चों ने दिखाई...

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की उन्नत भारत अभियान कार्यशाला में ग्रामीण बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत गोद लिए गए ग्राम कुरेठा (विकासखंड बामौर) में एक दिवसीय प्रतियोगी कार्यशाला का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के आगामी 31वें दीक्षांत समारोह के दृष्टिगत आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन तथा कुलपति प्रो. मुकेश पांडे के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उन्नत भारत अभियान, महिला एवं बाल विकास विभाग (झांसी) तथा बेसिक शिक्षा परिषद के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। उन्नत भारत अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार बबेले ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों में रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। कार्यशाला में बच्चों के लिए भाषण, चित्रकला, पेंटिंग, कहानी-कथन, पारंपरिक खेल, आंगनबाड़ी स्वच्छता प्रतियोगिता तथा “मेरी माँ” विषय पर विशेष प्रतियोगिता आयोजित की गई। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और वृक्षारोपण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आत्मनिर्भर गाँव और पर्यावरण संरक्षण विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों के शारीरिक विकास के लिए कबड्डी, खो-खो और रस्साकशी जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। वहीं आंगनबाड़ी स्वच्छता प्रतियोगिता के तहत केंद्रों की स्वच्छता के साथ बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता का भी मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिताओं का संचालन विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सूरजपाल सिंह, समाज कार्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. यतीन्द्र मिश्र, डॉ. जितेंद्र कुमार बबेले, डॉ. रश्मि सिंह तथा डॉ. अमिता कुशवाहा शामिल रहे। प्रत्येक प्रतियोगिता से तीन-तीन उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन किया गया, जो आगामी दिनों में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के मुख्य सभागार में आयोजित अंतिम प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा देशभक्ति गीत एवं जल संरक्षण विषयक सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए 10 छात्राओं का भी चयन किया गया। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में देशभक्ति गीतों और जल संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विजेता प्रतिभागियों को सांकेतिक पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी बच्चों को अल्पाहार वितरित किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर एवं कार्यकर्त्रियां, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार बबेले ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments