
मुंबई। मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार को तेज रफ्तार पोर्श कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में लग्जरी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन समय पर एयरबैग खुल जाने से चालक को केवल मामूली चोटें आईं। घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हादसे के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें दुर्घटना के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए कोस्टल रोड पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चालक तेज गति के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार डिवाइडर से जा टकराई। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। यह एक सप्ताह के भीतर मुंबई कोस्टल रोड पर हुई दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले हाजी अली से वर्ली की ओर जाने वाली कोस्टल रोड सुरंग में चलती कार में आग लग गई थी। सूचना मिलने पर मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और एम्बुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) सत्यनारायण चौधरी ने बताया था कि आग बुझाने के बाद उत्तर दिशा का यातायात तुरंत बहाल कर दिया गया, जबकि दक्षिण दिशा की एक लेन भी कुछ ही समय में खोल दी गई थी। उस घटना में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी, हालांकि सुरंग के भीतर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस ने वाहन चालकों से कोस्टल रोड पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

