HomeMaharashtraमुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: 800 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन 20 जुलाई को...

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: 800 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन 20 जुलाई को बोधगया के लिए होगी रवाना

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग की मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत मुंबई विभाग के 800 पात्र लाभार्थियों के लिए बिहार स्थित पवित्र तीर्थस्थल बोधगया की विशेष तीर्थयात्रा का आयोजन किया गया है। इसके लिए विशेष रेलगाड़ी 20 जुलाई को दोपहर 2 बजे दादर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 14 से रवाना होगी। इस विशेष तीर्थयात्रा में मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के चयनित लाभार्थी 20 से 26 जुलाई 2026 तक शामिल होंगे। योजना का उद्देश्य राज्य के नागरिकों को देश के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले तीर्थस्थलों के दर्शन कराना तथा उनमें आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। विशेष ट्रेन के रवाना होने के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा अजित पवार, सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट, राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ, सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग के प्रधान सचिव डॉ. हर्षदीप कांबळे तथा समाज कल्याण आयुक्त दीपा मुधोळ-मुंढे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान गौतम बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया के दर्शन का अवसर मिलेगा। बौद्ध धर्म के इस विश्वप्रसिद्ध तीर्थस्थल की यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार ने विशेष रेल सेवा की व्यवस्था की है। राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के माध्यम से पात्र नागरिकों को प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ-साथ लोककल्याणकारी और सर्वसमावेशी शासन की अवधारणा को भी मजबूती मिल रही है। सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग ने नागरिकों से इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments