Tuesday, May 12, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraजनगणना 2027 को लेकर मीरा-भाईंदर महानगरपालिका में समीक्षा बैठक संपन्न

जनगणना 2027 को लेकर मीरा-भाईंदर महानगरपालिका में समीक्षा बैठक संपन्न

मीरा-भाईंदर। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर मंगलवार, 12 मई 2026 को प्रधान जनगणना अधिकारी तथा आयुक्त राधाबिनोद ए.शर्मा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना 2027 के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ी विभिन्न तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया। बैठक के दौरान क्षेत्रवार नियोजन, प्रगणकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण प्रक्रिया, सूचना संकलन प्रणाली, नागरिकों के साथ समन्वय तथा सर्वेक्षण कार्य को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा की गई। आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने कहा कि जनगणना प्रक्रिया देश की विकास योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त द्वारा चार्ज ऑफिसरों को निर्देश दिए गए कि जिन पर्यवेक्षकों और प्रगणकों ने आदेश जारी होने के बावजूद अब तक जनगणना 2027 प्रक्रिया में कार्यभार ग्रहण नहीं किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया जाए। महानगरपालिका प्रशासन ने जानकारी दी कि जनगणना 2027 के अंतर्गत 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक प्रत्यक्ष सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस अवधि में नियुक्त प्रगणक और अधिकारी घर-घर जाकर नागरिकों की जानकारी एकत्र करेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी देकर सहयोग करें। साथ ही नागरिकों से यह भी कहा गया है कि वे केवल अधिकृत पहचान पत्र वाले प्रगणकों को ही जानकारी दें और जनगणना प्रक्रिया को सफल बनाने में सकारात्मक सहभागिता निभाएं। महानगरपालिका ने स्पष्ट किया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य में शहरी नियोजन, पायाभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments