
मुंबई। पश्चिम रेलवे के मीरा रोड रेलवे स्टेशन पर पेयजल व्यवस्था की बदहाल स्थिति यात्रियों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। स्टेशन परिसर में लगी पानी की टंकियों की स्थिति देखकर प्रतीत होता है कि उनकी लंबे समय से सफाई नहीं की गई है। इसके अलावा पीने के पानी के लिए गिलास अथवा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता जितेंद्र शर्मा ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन पर उपलब्ध पेयजल व्यवस्था की तत्काल जांच कराई जाए तथा पानी की टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही यात्रियों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरे, आरपीएफ और जीआरपी की तैनाती मौजूद है, तो यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी क्यों की जा रही है। साथ ही उन्होंने यह मांग भी की कि इस बात की जांच की जाए कि कहीं स्टेशन पर पेयजल सुविधाओं की कमी प्लेटफॉर्म स्थित कैंटीनों और निजी विक्रेताओं की बिक्री बढ़ाने का अप्रत्यक्ष कारण तो नहीं बन रही है। यात्रियों ने भी रेल मंत्रालय और रेलवे प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने तथा स्टेशन पर स्वच्छ पेयजल, साफ टंकियां और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

