
ठाणे (इंद्र यादव)। ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। महाराष्ट्र पुलिस बल में उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए ठाणे पुलिस आयुक्तालय के 33 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिष्ठित ‘पुलिस महानिदेशक (DGP) पदक’ से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।इस उपलब्धि पर पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर जमीनी स्तर पर कार्यरत पुलिसकर्मी शामिल हैं। प्रमुख अधिकारियों में सहायक पुलिस आयुक्त अमोल कोळी, पुलिस निरीक्षक मिलिंद झोडगे और अनिल पडवळ का नाम शामिल है। वहीं सहायक पुलिस निरीक्षक बलवंत भराडे और हेमंत ढोले सहित कई पुलिस उपनिरीक्षकों को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है।इसके अलावा सहायक उपनिरीक्षक सुरेश यादव, कृष्णा लिंगाळे और विजय पाटील के साथ बड़ी संख्या में पुलिस हवलदारों को भी पदक के लिए चयनित किया गया है। महिला पुलिस बल से सुरेखा खुरे, निशा कारंडे, प्रियंका नायक और संध्या पाटील को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा जाएगा।पुलिस महानिदेशक पदक महाराष्ट्र पुलिस का एक महत्वपूर्ण सम्मान माना जाता है, जो उन पुलिसकर्मियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने कम से कम 15 वर्षों तक उत्कृष्ट और बेदाग सेवा दी हो। यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतीक है, बल्कि पूरे पुलिस बल की कार्यक्षमता और समर्पण को भी दर्शाता है।पुलिस आयुक्तालय से जारी संदेश में कहा गया कि यह उपलब्धि ठाणे पुलिस के मनोबल को और मजबूत करेगी। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी सम्मानित कर्मियों की मेहनत, ईमानदारी और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यों से विभाग का गौरव बढ़ाया है।ठाणे शहर पुलिस की इस उपलब्धि पर पूरे शहर में गर्व और खुशी का माहौल है।




