Homeउत्तर प्रदेशझांसी के जीवनशाह और जेल चौराहे को जाम मुक्त बनाने की तैयारी,...

झांसी के जीवनशाह और जेल चौराहे को जाम मुक्त बनाने की तैयारी, डीएम ने किया निरीक्षण

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों का चालान करने के निर्देश, पार्किंग जोन विकसित करने की बनेगी कार्ययोजना

झांसी, उत्तर प्रदेश। शहर के सबसे व्यस्त जीवनशाह चौराहा और जेल चौराहा पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरांग राठी ने अधिकारियों की टीम के साथ दोनों चौराहों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बढ़ते यातायात दबाव, जाम की समस्या और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सुधारात्मक उपायों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सड़क किनारे नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने चौराहों के आसपास के व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने वाहनों की पार्किंग न कराएं, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित रूप से खड़े दोपहिया वाहन पैदल यात्रियों के लिए भी परेशानी और दुर्घटना का कारण बनते हैं।
पार्किंग जोन विकसित करने के निर्देश
जीवनशाह और जेल चौराहा का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के मानकों के अनुरूप यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए चौराहों के आसपास चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग जोन विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही नो-पार्किंग नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और दुकानदारों एवं आमजन को पार्किंग नियमों के प्रति जागरूक करने को कहा।
बिजली के लटकते तार होंगे व्यवस्थित
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को चौराहों पर फैले और लटक रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके। जिलाधिकारी ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), यातायात पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारियों को समन्वय के साथ शीघ्र विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जीवनशाह चौराहा शहर की पहचान है और इसे जाम मुक्त, सुरक्षित एवं सुंदर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, एडीएम (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल, एसपी सिटी प्रीति सिंह, अपर नगर आयुक्त राहुल यादव, झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) के सचिव गौरव शुक्ला, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी रजनीश गुप्ता, सहायक अभियंता संदीप शर्मा, सीओ यातायात तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments