HomeArchitectureBreakingस्व.अजीत सिंह की जयंती पर 'रन फॉर न्यू उन्नाव' मैराथन आयोजित, हजारों...

स्व.अजीत सिंह की जयंती पर ‘रन फॉर न्यू उन्नाव’ मैराथन आयोजित, हजारों युवाओं ने लिया हिस्सा

5 सितंबर तक चलेंगे सामाजिक और सेवा कार्यक्रम, विजेताओं को 21 हजार रुपये तक का पुरस्कार

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अजीत सिंह की जयंती के अवसर पर रविवार को ‘रन फॉर न्यू उन्नाव’ मैराथन का आयोजन किया गया। इसके साथ ही उनकी 22वीं पुण्यतिथि तक चलने वाले सामाजिक और सेवा कार्यक्रमों की शुरुआत भी हुई। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करना था। मैराथन का शुभारंभ रविवार सुबह छह बजे गांधी नगर तिराहा स्थित कलम तलवार चौराहे से हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने चार किलोमीटर लंबी दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए मैराथन का समापन निराला प्रेक्षागृह में हुआ। इस मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग पर प्रतिभागियों में जोश और ऊर्जा देखने को मिली।
सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
आयोजकों ने मैराथन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि यातायात सुचारु बना रहे। प्रतिभागियों की सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों की टीम भी मौके पर मौजूद रही। रेस के विभिन्न प्वाइंट पर स्वयंसेवकों और आयोजन समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं की निगरानी की।
विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शशांक शेखर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सहयोगियों ने पूरी मेहनत की। भाजपा नेता प्रांजुल सिंह को रेस के दौरान बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं कुश सिंह ने विभिन्न प्वाइंट पर व्यवस्थाओं की निगरानी की, जबकि निशू चौहान को विजेताओं की निगरानी और परिणाम संबंधी जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार
मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 21 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 11 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
5 सितंबर तक होंगे सेवा कार्य
आयोजकों के अनुसार, स्वर्गीय अजीत सिंह की सामाजिक सेवा की विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 23 अगस्त से 5 सितंबर तक विभिन्न सामाजिक और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को समाजसेवा, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments