
नागपुर। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को मानकापुर स्थित शिव मंदिर परिसर में लोटस कल्चरल एंड स्पोर्टिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित पार्थिव शिवलिंग निर्माण समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव के दर्शन किए और स्वयं भी तीन पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया। मंत्रोच्चार और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर आयोजन समिति के दयाशंकर तिवारी, अनिल बावनगड़े, अमोल कोल्हे, आशीष पाली, नवीन जैन, प्रभाकर ठाकरे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
शिव आराधना से मिलता है आत्मिक संतुलन
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि भारतीय संस्कृति में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में आयोजित ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करते हैं। महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और दिव्यांगजनों को एक साथ पार्थिव शिवलिंग निर्माण में भाग लेते देखना अत्यंत सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव आदि और अनंत के प्रतीक हैं तथा उनकी उपासना से आत्मिक शांति और मानसिक स्थिरता प्राप्त होती है।
91 लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण का संकल्प
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष 91 लाख पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण का संकल्प लिया गया है। उन्होंने नागरिकों से इस माहभर चलने वाले धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया और सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। आयोजकों के अनुसार, यह समारोह 13 अगस्त से 12 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है और इसका यह तीसरा वर्ष है। पार्थिव शिवलिंग निर्माण के लिए गंगा तट से लाई गई पवित्र मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। प्रतिदिन सूर्यास्त के बाद निर्मित शिवलिंगों का विधि-विधान से विसर्जन किया जाता है। आयोजक दयाशंकर तिवारी ने बताया कि 12 सितंबर को यज्ञ एवं महाप्रसाद के साथ इस धार्मिक आयोजन का समापन होगा।

