HomeCrimeएक साल से फरार रेप और पॉक्सो मामले का आरोपी आर्केस्ट्रा बार...

एक साल से फरार रेप और पॉक्सो मामले का आरोपी आर्केस्ट्रा बार से गिरफ्तार

दहिसर-बोरीवली के बार में बदल-बदलकर कर रहा था काम, भाईंदर पुलिस ने दबोचा

इंद्र यादव/मुंबई। रेप, पॉक्सो और पीटा एक्ट जैसे गंभीर मामलों में करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी वसीम शेख को भाईंदर पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी को बोरीवली पूर्व के एक आर्केस्ट्रा बार से पकड़ा। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए दहिसर और बोरीवली इलाके में अलग-अलग आर्केस्ट्रा बार में काम कर रहा था। यह मामला एमबीवीवी पुलिस आयुक्तालय के भाईंदर पुलिस स्टेशन में दर्ज है। पुलिस के अनुसार, मामले में सीआर नंबर 408/2025 दर्ज किया गया है।
पुलिस को मिली थी आरोपी के छिपे होने की जानकारी
पुलिस के मुताबिक, वसीम शेख पिछले करीब एक साल से फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान जांच टीम को उसके बोरीवली पूर्व के एक आर्केस्ट्रा बार में छिपे होने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बार में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 64, 96, 98, 143(3), 143(4), 144(4) और 3(5) के साथ पीटा एक्ट की धारा 4 और 5 तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं 4, 5(1), 6, 17 और 18 के तहत मामला दर्ज है। मामला नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध और यौन अपराधों से संबंधित बताया जा रहा है। हालांकि, आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में सुनवाई और जांच के बाद ही होगी।
क्राइम ब्रांच की टीम करेगी आगे की जांच
गिरफ्तारी के बाद मामले की आगे की जांच एमबीवीवी पुलिस आयुक्तालय के महिला अत्याचार प्रतिबंधक एवं विशेष बाल संरक्षण और देखभाल कक्ष (क्राइम ब्रांच) की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल मुंढे और उनकी टीम द्वारा की जा रही है। जांच टीम आरोपी से पूछताछ करने के साथ मामले से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फरारी के दौरान आरोपी किन-किन स्थानों पर रहा और उसके संपर्क में कौन लोग थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और दहिसर तथा बोरीवली क्षेत्र के आर्केस्ट्रा बारों में काम कर रहा था। करीब एक साल तक उसकी तलाश के बाद मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments