
‘मंथन फॉर युवा’ कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री, 585 ध्वजधारकों ने बनाया विश्व रिकॉर्ड; 25 हजार से अधिक युवा हुए शामिल
नागपुर। पुणे में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के एक दिन बाद रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में ‘मंथन फॉर युवा’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, खेल और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। राज्य सरकार युवाओं को हरसंभव सहयोग देगी और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े लोगों के साथ चर्चा कर युवाओं के हित में और बेहतर स्टार्टअप नीति तैयार करेगी। रेशीमबाग मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में 25 हजार से अधिक युवक-युवतियों ने भाग लिया। इस अवसर पर ढोल-ताशा पथक ने विश्व रिकॉर्ड बनाया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के युवा आइकनों के साथ संवाद और नशामुक्त भारत तथा नशामुक्त महाराष्ट्र का संकल्प भी दिलाया गया।
ढोल-ताशा पथक ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
कार्यक्रम में महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े ढोल-ताशा पथक ने इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। 585 ध्वजधारकों की भागीदारी के साथ यह विश्व रिकॉर्ड बना। मुख्यमंत्री फडणवीस ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इससे पहले 260 ध्वजधारकों का रिकॉर्ड था, जिसे अब तोड़ दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसी लोकतांत्रिक व्यवस्था के कारण उन्हें नगरसेवक, महापौर, विधायक और मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि संविधान हर व्यक्ति को अपनी आकांक्षाएं पूरी करने का समान अवसर देता है और किसी की प्रगति को रोका नहीं जा सकता।
स्टार्टअप नीति होगी और मजबूत
फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार पहले से ही स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए नीति पर काम कर रही है। अब युवाओं और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े विशेषज्ञों के सुझाव लेकर इसे और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि युवाओं को शत-प्रतिशत सहयोग मिल सके।
स्क्रीन टाइम कम करने की बनेगी रणनीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों और युवाओं में बढ़ते स्क्रीन टाइम को लेकर सरकार गंभीर है। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञों के साथ चर्चा कर ऐसी नीति तैयार की जाएगी, जिससे युवाओं को मोबाइल स्क्रीन से हटाकर खेल के मैदान की ओर प्रेरित किया जा सके।
युवा आइकनों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में खेल कमेंटेटर रिधिमा पाठक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा, राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता दिलीप महादू गावित, अर्जुन देशपांडे और किरण शहाजी के साथ संवाद किया। सभी ने अपने संघर्ष, अनुभव और सफलता की कहानियां युवाओं के साथ साझा कीं।
नशामुक्त भारत का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्त भारत और नशामुक्त महाराष्ट्र की शपथ दिलाई गई। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रहने, नशे का विरोध करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम की शुरुआत आयोजक रितेश गावंडे के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने बताया कि 1 से 23 अगस्त तक ‘मंथन फॉर युवा’ के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवा प्रतिभाओं को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों सम्मानित किया गया। अंत में आयोजक विष्णु चांगदेव ने आभार व्यक्त किया।

