
मुंबई। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वरिष्ठ अधिकारी प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे ने आज बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त पद का कार्यभार ग्रहण किया।इस अवसर पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका प्रशासन की ओर से सह आयुक्त (सुधार) संजोग कबरे ने उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे भारतीय प्रशासनिक सेवा की वर्ष 2001 बैच की वरिष्ठ अधिकारी हैं। प्रशासनिक क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।महानगरपालिका प्रशासन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व और अनुभव का लाभ मुंबई महानगर के विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधारों तथा नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मिलेगा।

