
ठाणे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा के कुछ घंटों बाद ही, जिसमें कहा गया था कि भारत और पाकिस्तान युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं, पाकिस्तान ने एक बार फिर विश्वासघात करते हुए सीमा पार हवाई हमले किए। भारत ने अपनी प्रतिबद्धता निभाई, लेकिन पाकिस्तान की इस कार्रवाई ने उसकी पुरानी आदतों को उजागर कर दिया है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में मीडिया को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के इस दोगलेपन की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “जब युद्धविराम पर सहमति बनी थी, तो वह भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) के बीच चर्चा के बाद हुई थी। भारत हमेशा अपने वचनों पर खरा उतरा है, लेकिन पाकिस्तान ने एक बार फिर खुद को अविश्वसनीय साबित किया है।
मोदी ने पहले ही भांप लिया था पाकिस्तान का रवैया
शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के रवैये को पहले ही समझ लिया था, शायद यही कारण था कि उन्होंने संघर्ष विराम को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया। “कल रात हमारे नागरिकों पर हमला विश्वासघात का एक और उदाहरण है, लेकिन हमारी सेना पूरी तरह से तैयार थी और उसने तुरंत जवाब दिया। उन्होंने कहा पाकिस्तान यह अच्छी तरह जानता है कि भारत से लड़ाई का कोई फायदा नहीं है। यह सिर्फ उनकी हार या संभवतः विनाश ही लेकर आएगा।
“कुत्ते की दुम सी पाकिस्तान की नीति”
शिंदे ने पाकिस्तान पर तंज कसते हुए कहा, पाकिस्तान एक कुत्ते की दुम की तरह है-यह कभी सीधी नहीं होती। और कभी-कभी नुकसान रोकने के लिए उसे काट देना ही बेहतर होता है। अगर पाकिस्तान इसी राह पर चलता रहा, तो हमारे राष्ट्रवादी प्रधानमंत्री एक निर्णायक और अंतिम जवाब देने से पीछे नहीं हटेंगे। उपमुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भी कड़ा संदेश देते हुए कहा, अगर जरूरत पड़ी, तो भारत के पास वह ताकत है कि वह पाकिस्तान को दुनिया के नक्शे से मिटा सकता है। शांति की बात करके हमला करना सरासर पाखंड है। लेकिन अब दुनिया देख रही है, और भारत उन्हें जवाबदेह ठहराने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।




