
मुंबई। शैक्षणिक वर्ष 2025–26 से महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल से मान्यता प्राप्त सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों और कनिष्ठ महाविद्यालयों में कक्षा 11वीं के प्रवेश केवल केंद्रीय ऑनलाइन पद्धति के माध्यम से ही किए जाएंगे। यह जानकारी मुंबई विभागीय शिक्षण उपसंचालक संदीप संगवे ने दी। मुंबई विभाग के अंतर्गत आने वाले दक्षिण, उत्तर और पश्चिम मुंबई के शिक्षण निरीक्षकों तथा ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों के शिक्षण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र की सभी माध्यमिक शालाओं को सूचित करें कि मार्च 2025 में कक्षा 10वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों और उनके पालकों को इस ऑनलाइन प्रवेश प्रणाली की पूरी जानकारी दी जाए।
पंजीकरण अनिवार्य, लापरवाही पर प्रवेश से वंचित होने की चेतावनी
मुंबई विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी मान्यता प्राप्त उच्च माध्यमिक शालाओं और कनिष्ठ महाविद्यालयों को https://forms.gle/E2K5a5wwssuwQ9Pt6 लिंक के माध्यम से अपनी पंजीकरण जानकारी अनिवार्य रूप से भरनी होगी। जो संस्थान इस प्रक्रिया में चूक करेंगे, उन्हें कक्षा 11वीं में किसी भी विद्यार्थी का प्रवेश आवंटित नहीं किया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित मुख्याध्यापक या प्राचार्य की होगी।
स्वतंत्र प्रवेश नियंत्रण कक्ष की स्थापना
विद्यार्थियों और पालकों को मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए मुंबई विभागीय शिक्षण उपसंचालक के कार्यालय में स्वतंत्र प्रवेश नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इस केंद्र के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से आने वाले अभ्यर्थियों और पालकों को सहायता दी जा रही है।
प्रशिक्षण सत्र और हेल्प सेंटर की सुविधा
ऑनलाइन प्रवेश प्रणाली को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए, वॉर्ड/तालुका स्तर पर सभी मान्यता प्राप्त माध्यमिक शालाओं के मुख्याध्यापक और लिपिकों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, विद्यार्थियों और पालकों के लिए हेल्प सेंटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आवेदन से पूर्व निर्देशों को पढ़ना अनिवार्य
ऑनलाइन प्रवेश वेबसाइट चालू होने के बाद विस्तृत मार्गदर्शन और सूचना सार्वजनिक की जाएगी। विभाग ने सभी विद्यार्थियों और पालकों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पूर्व संबंधित निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और समझें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में कोई त्रुटि न हो।




