
पालघर। पालघर जिले के विरार पूर्व में मीरा भयंदर वसई विरार (एमबीवीवी) पुलिस आयुक्तालय की अपराध शाखा इकाई 3 ने एक बड़ी कार्रवाई में 3.03 लाख रुपये मूल्य के 10.1 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी विरार पूर्व में गांजा बेचने की फिराक में था, जिसकी गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस निरीक्षक शाहूराज राणावरे के मार्गदर्शन में उप-निरीक्षक सुहास कांबले और उनकी टीम ने 7 मई की शाम चंदन सर इलाके के कातकरी पाडा में जाल बिछाया। रात करीब 9 बजे एक सफेद स्कूटर पर पहुंचे संदिग्ध को रोका गया और पूछताछ के दौरान उसकी पहचान 30 वर्षीय आकाश अजीत जाधव के रूप में हुई, जो वहीं का निवासी है। गवाहों की मौजूदगी में उसकी तलाशी लेने पर उसके बैग और पार्सल से 10.1 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और गांजा जब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत विरार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े ड्रग नेटवर्क से है या नहीं।




