Wednesday, March 25, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraमीरा रोड (पूर्व) में भीषण आग पर काबू, 1000 लोगों निकाला गया...

मीरा रोड (पूर्व) में भीषण आग पर काबू, 1000 लोगों निकाला गया सुरक्षित

मुंबई। मीरा रोड (पूर्व) के काशीमीरा इलाके में मंगलवार रात लगी भीषण आग पर दमकल विभाग ने सफलतापूर्वक काबू पा लिया। मीरा भाईंदर महानगरपालिका के अग्निशमन दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़े हादसे को टाल दिया। जानकारी के अनुसार, प्लेझंट पार्क और मुन्शी कंपाउंड क्षेत्र में रात करीब 8:55 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सिल्वर पार्क फायर स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पता चला कि खुले मैदान में लगे मंडप, डेकोरेशन सामग्री और फर्नीचर में आग लगी थी। आग तेजी से फैलने लगी थी और आसपास बड़ी संख्या में रिहायशी इमारतें होने के कारण खतरा बढ़ गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कनकिया, नवघर, पेणकरपाडा और कल्पना चावला फायर स्टेशनों से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां और कर्मचारी बुलाए गए। करीब 10 दमकल गाड़ियों, 13 अधिकारियों और 40 कर्मचारियों की टीम ने चारों ओर से पानी की बौछार कर रात 11:30 बजे तक आग पर नियंत्रण पा लिया। इसके बाद कूलिंग ऑपरेशन चलाकर सुबह 4 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गई। इस घटना में करीब 5 रिहायशी इमारतों को गर्मी और धुएं से आंशिक नुकसान हुआ। एहतियात के तौर पर लगभग 1000 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और इमारतों को खाली कराया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। सुरक्षा के मद्देनजर अदानी इलेक्ट्रिसिटी के कर्मचारियों की मदद से इलाके की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। पूरे ऑपरेशन की निगरानी नगर निगम आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। मौके पर पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments