
मीरा-भायंदर। मीरा रोड (पूर्व) स्थित काशिमीरा पुलिस थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लेडीज बार में कथित रूप से चल रही अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया। जोन-1 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल चव्हाण के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी के दौरान सात युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि बार के मैनेजर, कैशियर, वेटरों सहित कई कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि काशिमीरा थाना क्षेत्र स्थित ‘सैटेलाइट ऑर्केस्ट्रा लेडीज बार’ में बार की आड़ में कथित रूप से अवैध अश्लील डांस और अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से देर रात बार पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बार के अंदर मौजूद सात युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके साथ ही बार के मैनेजर, कैशियर, वेटरों और अन्य कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और बार के मालिक सहित इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी राहुल चव्हाण के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य बार और अवैध गतिविधियों से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



