HomeCrimeठाणे में महिला से छेड़छाड़ का आरोप, चितलसर थाने के एएसआई पर...

ठाणे में महिला से छेड़छाड़ का आरोप, चितलसर थाने के एएसआई पर मामला दर्ज

ठाणे। ठाणे के चितलसर पुलिस स्टेशन में तैनात एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) पर मदद मांगने आई 25 वर्षीय युवती के साथ कथित छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता का एटीएम डेबिट कार्ड गुम हो गया था। इसकी शिकायत दर्ज कराने के लिए वह चितलसर पुलिस स्टेशन पहुंची थी। वहां उसे बताया गया कि यह मामला कापूरबावडी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए उसे वहां जाने की सलाह दी गई। आरोप है कि थाने से बाहर निकलते ही ड्यूटी पर मौजूद एक एएसआई ने युवती को रोक लिया और कहा कि उसकी मदद कोई नहीं करेगा। उसने अपना मोबाइल नंबर देकर संपर्क करने को कहा और भरोसे में लेकर अपनी बाइक पर बैठाकर शहर में घुमाने लगा। आरोप है कि वह युवती को एक मिठाई की दुकान ले गया और बाद में रास्ते में उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ की। पीड़िता की शिकायत के आधार पर चितलसर पुलिस स्टेशन में आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत विनयभंग (छेड़छाड़) का मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी पुलिस अधिकारी का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। उस पर कापूरबावडी क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर में जबरन प्रवेश कर एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ का आरोप भी लग चुका है। हालांकि, उस मामले की आधिकारिक स्थिति की पुष्टि होना अभी बाकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने आरोपी एएसआई को तत्काल प्रभाव से चितलसर पुलिस स्टेशन से हटाकर उल्हासनगर कंट्रोल रूम में स्थानांतरित कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिन पुलिसकर्मियों पर होती है, यदि उन्हीं पर ऐसे आरोप लगें तो कानून व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था पर लोगों का विश्वास प्रभावित होता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments