HomeMaharashtraअंबरनाथ में ड्रग्स सिंडिकेट पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 27.49 लाख का...

अंबरनाथ में ड्रग्स सिंडिकेट पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 27.49 लाख का माल जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

इंद्र यादव/ठाणे। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए अंबरनाथ पश्चिम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने भगतसिंगनगर इलाके में छापेमारी कर 33.410 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स, 20.17 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 27 लाख 49 हजार 83 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने अयाज साहेबजाद सैयद, नूरजहां तौफिक शेख, शाकीरा इस्तियाक अंसारी और शरीफ सलीम शेख को गिरफ्तार किया है।
गश्त के दौरान मिला पहला सुराग
पुलिस के अनुसार, अंबरनाथ रेलवे स्टेशन के पास स्थित भगतसिंगनगर क्षेत्र लंबे समय से नशे के कारोबार के लिए बदनाम रहा है। इसी के मद्देनजर सोमवार रात इलाके में विशेष गश्त की जा रही थी। इस दौरान एक टीन शेड के पास संदिग्ध गतिविधियां करते दिखे युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसके पास से एमडी ड्रग्स बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी अयाज साहेबजाद सैयद से पूछताछ में उसने खुलासा किया कि यह नशीला पदार्थ उसके रिश्तेदार नियाज साहेबजाद सैयद ने बिक्री के लिए दिया था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने नियाज के ठिकाने पर छापा मारा।
नकदी और आभूषण बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से 20 लाख 17 हजार 630 रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने और अन्य सामग्री बरामद की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बरामद नकदी ड्रग्स की अवैध बिक्री से अर्जित की गई थी और इसका उपयोग आगे मादक पदार्थ खरीदने में किया जाना था। पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे ने बताया कि सभी चारों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 21 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
सरगना की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां अब इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों और मुख्य सप्लायर की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस अंतरजिला ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments