Wednesday, May 6, 2026
Google search engine
HomeHealth & Fitnessमहाराष्ट्र में स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ा बूस्ट: जायका के साथ 3,708 करोड़...

महाराष्ट्र में स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ा बूस्ट: जायका के साथ 3,708 करोड़ की साझेदारी को मंजूरी

मुंबई। महाराष्ट्र में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जायका) के साथ साझेदारी को मंजूरी दे दी है। बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी दी कि इस परियोजना के लिए 3,708 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता ली जाएगी, जिससे राज्य की मेडिकल केयर प्रणाली को व्यापक रूप से मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि असम और तमिलनाडु जैसे राज्यों में सफल परियोजनाओं के बाद अब जायका महाराष्ट्र में मेडिकल एजुकेशन और स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए आगे आया है। इस साझेदारी के तहत सरकारी मेडिकल, पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों के बुनियादी ढांचे का विकास, आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं का विस्तार, विशेष बीमारियों के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना, नए नर्सिंग व पैरामेडिकल कॉलेज शुरू करना और स्वास्थ्य प्रबंधन प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना शामिल है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य के प्रत्येक जिले में पहले ही सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा जळगांव, लातूर, बारामती, मिरज, कोल्हापुर, नंदुरबार और गोंदिया में 100 सीटों वाले बीएससी नर्सिंग कॉलेज शुरू किए जाएंगे। ‘स्ट्रेंथनिंग टर्शियरी हेल्थ केयर डिलीवरी, मेडिकल एजुकेशन सिस्टम एंड नर्सिंग सिस्टम इन महाराष्ट्र’ परियोजना के तहत वर्धा, पालघर, रत्नागिरी और अहिल्यानगर के नए मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ मुंबई के जीटी और सेंट जॉर्ज अस्पताल, धुले, सोलापुर, अंबेजोगाई, अकोला और आईजीएमसी नागपुर सहित कई संस्थानों का उन्नयन किया जाएगा। वहीं बारामती, मिरज (सांगली) और कोल्हापुर में नए नर्सिंग कॉलेजों का निर्माण किया जाएगा तथा कई जिलों में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। भारत-जापान शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत अस्पताल प्रबंधन और मानव संसाधन विकास को भी मजबूत किया जाएगा। इस पहल से महाराष्ट्र की स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनेंगी, जिससे आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने विश्वास व्यक्त किया कि जायका और महाराष्ट्र सरकार के बीच यह साझेदारी राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments