HomeMaharashtraडॉ.बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों से ही संभव हुआ समावेशी विकास: मंत्री संजय...

डॉ.बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों से ही संभव हुआ समावेशी विकास: मंत्री संजय शिरसाट

मुंबई। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर देश की प्रगति के शिल्पकार हैं और उन्होंने शिक्षा, समानता तथा सामाजिक न्याय का महत्व समाज को समझाया। उनके विचार आज भी हर व्यक्ति के जीवन को प्रभावित कर रहे हैं। आने वाली पीढ़ियों तक बाबासाहेब के विचार पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह बात महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने कही। रविवार को सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग की ओर से डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर दादर स्थित शिवाजी पार्क में पहली बार आयोजित ड्रोन शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम में वे बोल रहे थे। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशिष शेलार, केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री रामदास आठवले, विधायक अमित साटम, योगेश सागर, प्रसाद लाड, कैप्टन आर. तमिळ सेल्वन, महापौर रितू तावडे, सामाजिक न्याय विभाग के प्रधान सचिव डॉ. हर्षदीप कांबळे, सिद्धिविनायक न्यास के अध्यक्ष सदा सरवणकर सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। संजय शिरसाट ने कहा कि बाबासाहेब के विचारों को गहराई से समझने के लिए पढ़ने की आदत विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब की जयंती और महापरिनिर्वाण दिवस पर लाखों अनुयायियों का एकत्र होकर उन्हें श्रद्धांजलि देना उनके महान कार्यों की सबसे बड़ी पहचान है। सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशिष शेलार ने कहा कि बाबासाहेब ने समाज को दया, क्षमा और शांति का संदेश दिया। समानता, समान अवसर और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित उनका विचार आज भी मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के लिए मार्गदर्शक दस्तावेज है और इसी संविधान के आधार पर देश की लोकतांत्रिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का कार्य कर रही है। केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा कि बाबासाहेब द्वारा दिए गए संविधान और उनके विचारों के कारण ही समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिला है।
2000 ड्रोन से सजा बाबासाहेब के विचारों का आसमान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ड्रोन शो रहा, जिसमें करीब 2000 ड्रोन की मदद से आकाश में बाबासाहेब के जीवन और कार्यों से जुड़े अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किए गए। आधुनिक तकनीक के जरिए संविधान, सामाजिक क्रांति और बाबासाहेब के प्रेरणादायी जीवन को आकर्षक प्रकाश चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया। इस दौरान प्रसिद्ध गायिका वैशाली माडे ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments