
सोलापुर। मध्य रेल के महाप्रबंधक धर्मवीर मीना ने आषाढ़ी तीर्थयात्रा की व्यापक तैयारियों की समीक्षा हेतु 9 मई को सोलापुर मंडल का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संरक्षा, सुरक्षा और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं पर विशेष बल दिया गया। पंढरपुर मंदिर परिसर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में राज्य प्रशासन और रेलवे अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में तीर्थयात्रा के दौरान पालकी की सुरक्षित आवाजाही, होल्डिंग एरिया की व्यवस्था, शौचालय सुविधाओं का विस्तार, यात्री सूचना प्रणाली का सुदृढ़ीकरण, सीसीटीवी निगरानी, मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन तथा रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक परिवहन के बीच बेहतर समन्वय जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। वर्ष 2024 की तुलना में सेवाओं को संवर्धित करने की योजना एवं प्रत्येक पहलू की समयसीमा भी निर्धारित की गई। निरीक्षण के क्रम में श्री मीना ने टिकेकरवाड़ी गैंग हट का दौरा किया, जहाँ उन्होंने स्थानीय शाखा अधिकारियों से मुलाकात कर यातायात-संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने टिकेकरवाड़ी की भौगोलिक स्थिति और सोलापुर स्टेशन पर भीड़ घटाने की दृष्टि से इसकी संभावनाओं पर बल दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि यहाँ ऐसा बुनियादी ढांचा विकसित किया जाए जिससे ट्रेनसेट समायोजित हों और मंडल से अधिक ट्रेनें चलाई जा सकें। महाप्रबंधक ने कार्यों की बेहतर योजना और निष्पादन के लिए निविदाओं के एकीकरण की आवश्यकता जताई। उन्होंने सामान्य लूप, होल्डिंग लाइनों और द्विदिश सिग्नलिंग की क्षमता वृद्धि हेतु रेलवे भूमि के इष्टतम उपयोग पर ज़ोर दिया। साथ ही, निरीक्षण प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मानकीकृत चेकलिस्ट तैयार करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया। निरीक्षण के दौरान टिकेकरवाड़ी स्टेशन पर सिग्नलिंग गियर और परिचालन दस्तावेज़ों का आकस्मिक मूल्यांकन किया गया, जिसमें रजिस्टरों की गहन समीक्षा की गई। मध्य रेल ने पुनः यह विश्वास दिलाया है कि वह आषाढ़ी जैसी विशाल तीर्थयात्राओं के दौरान संरक्षित, कुशल एवं यात्री-केंद्रित सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।




