
मीरा-भाईंदर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में देश में प्रथम स्थान हासिल करने वाली मीरा-भाईंदर महानगरपालिका ने आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आयुक्त राधाबिनोद ए.शर्मा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मीरा रोड स्टेशन परिसर, जॉगर्स पार्क, हिंदू श्मशानभूमि नाला, सृष्टि परिसर और जरीमरी तालाब जैसे प्रमुख स्थानों का दौरा किया गया। इस दौरान कचरा प्रबंधन, नालों की सफाई, सार्वजनिक सुविधाओं और समग्र स्वच्छता स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने कई स्थानों पर जमा निर्माण मलबा (डेब्रिस) तुरंत हटाने के निर्देश दिए। साथ ही गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने के आदेश भी जारी किए गए। शहर को अधिक स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर भित्ति चित्र (वॉल पेंटिंग) के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा अनधिकृत पोस्टर और दीवार लेखन हटाने, अतिक्रमण समाप्त करने, कचरे का स्रोत पर ही वर्गीकरण सुनिश्चित करने तथा नालों और गटरों की नियमित सफाई के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। आयुक्त शर्मा ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर शहर में स्थायी और दृश्य रूप से प्रभावी स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रथम स्थान बनाए रखने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भी स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि शहर एक बार फिर देश में शीर्ष स्थान हासिल कर सके। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त डॉ. सचिन बांगर, कार्यकारी अभियंता नितीन मुकणे, शरद नानेगावकर सहित संबंधित अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण के मानकों के अनुसार सख्ती से काम करने के निर्देश दिए गए।




