HomeArchitectureBreakingराज्य में भारी बारिश: उपमुख्यमंत्री शिंदे ने आपदा प्रबंधन की समीक्षा की

राज्य में भारी बारिश: उपमुख्यमंत्री शिंदे ने आपदा प्रबंधन की समीक्षा की

मुंबई। मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश की पृष्ठभूमि में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंत्रालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का दौरा किया और हालात की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित जिलों के जिला अधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने विशेष रूप से बीड जिले के अष्टी-पाथर्डी तालुका के उन गाँवों का उल्लेख किया जो बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। वहाँ फंसे लगभग 40 ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने के लिए उन्होंने एनडीआरएफ की मदद से हवाई मार्ग का इस्तेमाल करने का आदेश दिया। इसके लिए नासिक से हेलीकॉप्टर भेजने के निर्देश तत्काल दिए गए। उन्होंने पुणे, छत्रपति संभाजीनगर और मुंबई महानगरपालिका के अधिकारियों से भी फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली। मुंबई में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अतिरिक्त जनशक्ति तैनात करने और पानी निकालने हेतु तुरंत पंप लगाने का आदेश दिया गया। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में उपमुख्यमंत्री के प्रधान सचिव नवीन सोना और निदेशक डॉ. भालचंद्र चव्हाण मौजूद थे। डॉ. चव्हाण ने राज्य की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में “सचेत” ऐप के माध्यम से राज्यभर में 35 करोड़ वर्षा चेतावनी संदेश भेजे गए हैं। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि अगले पाँच दिनों के लिए भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आपदा नियंत्रण की सभी आवश्यक सावधानियाँ बरती जाएँ ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments