
स्काउट-गाइड को राष्ट्रीय शिविर (जम्बोरी) आयोजित करने का भी सुझाव
मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने बुधवार को खेल विभाग, खेल एवं युवा कल्याण आयुक्तालय, एनसीसी महाराष्ट्र, माय भारत तथा महाराष्ट्र राज्य भारत स्काऊट तथा गाईड सहित विभिन्न संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों की लोक भवन में बैठक लेकर सभी संस्थाओं को राज्य के ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का निर्देश दिया। राज्यपाल ने कहा कि महाराष्ट्र में एनसीसी के 1.21 लाख कैडेट्स, 17 लाख स्काउट्स एवं गाइड्स तथा माय भारत के 13.50 लाख युवा स्वयंसेवक हैं। यदि ये सभी इस अभियान में भाग लेते हैं, तो राज्य में टीबी मुक्त भारत अभियान सफल होगा। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को ‘निक्षय मित्र’ बनने के लिए भी प्रेरित करने का सुझाव दिया। राज्यपाल ने खेल विभाग को निर्देश दिया कि अंतरराष्ट्रीय खेलों के साथ-साथ राज्य के पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा दिया जाए। इस अवसर पर राज्यपाल ने महाराष्ट्र राज्य भारत स्काउट-गाइड संस्था को राज्य में राष्ट्रीय स्काउट-गाइड शिविर (जम्बोरी) आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने स्काउट-गाइड आंदोलन में नवचेतना लाने के लिए आकर्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने पर भी जोर दिया। एनसीसी महाराष्ट्र ने राज्य में अपने कार्य का विस्तार करने का निर्णय लिया है और इसके लिए मुंबई, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की योजना है। इस कार्य के लिए सरकार से सहयोग की अपेक्षा होने की जानकारी एनसीसी के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल विवेक त्यागी ने राज्यपाल को दी। बैठक में स्कूल शिक्षा एवं खेल विभाग के प्रधान सचिव रणजीत सिंह देओल, खेल एवं युवा सेवा आयुक्त शीतल तेली-उगले, ब्रिगेडियर अरुपेंदु गुप्ता, माय भारत के राज्य निदेशक अमित पुंडे, खेल विभाग के उप सचिव सुनील पांढरे तथा स्काउट-गाइड के सचिव मिलिंद दीक्षित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




