
नवी मुंबई। रविवार दोपहर खारघर के सेक्टर-35 स्थित ट्राइसिटी सोसाइटी में अचानक लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 102वीं बटालियन की त्वरित कार्रवाई टीम (क्यूएटी) मौके पर पहुँची और दमकल विभाग के आने से पहले ही सात लोगों की जान बचा ली। जानकारी के अनुसार, यह 19-मंजिला आवासीय इमारत रविवार, 12 अक्टूबर की दोपहर करीब 12:50 बजे आग की चपेट में आ गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इमारत के मीटर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिससे ऊपरी मंजिलों- विशेष रूप से 17वीं, 18वीं और 19वीं मंजिल पर धुआँ फैल गया। सीआरपीएफ कमांडर सुशांत कुमार प्रधान ने बताया कि तलोजा स्थित उनकी यूनिट को जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, तत्काल एक बचाव दल को रवाना किया गया। टीम ने जोखिम उठाते हुए घने धुएं से भरी मंजिलों में प्रवेश किया और फंसे हुए कम से कम सात निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में खारघर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें भी मौके पर पहुँचीं और आग पर काबू पाया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इमारत में रह रहे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने सीआरपीएफ जवानों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई।




