
कक्षा 1 से 8 तक छुट्टी के आदेश के बावजूद सेंट लॉरेंस स्कूल समेत कई स्कूलों में जारी रही पढ़ाई, बीएसए बोले— नोटिस देकर मांगा जाएगा जवाब
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 1 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की थी। जिलाधिकारी घनश्याम मीना के मौखिक निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शैलेश कुमार पाण्डेय ने बाकायदा आदेश जारी कर सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद जिले के कई स्कूल खुले रहे और वहां पढ़ाई जारी रहने की शिकायत सामने आई है। बीएसए की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया था कि जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त तथा सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधनों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए थे। सदर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विनय विश्वकर्मा के मुताबिक सभी विद्यालयों को छुट्टी के संबंध में सूचना दे दी गई थी। स्कूल प्रबंधनों को यह भी निर्देश दिया गया था कि यदि सूचना मिलने से पहले कोई बच्चा विद्यालय पहुंच जाता है तो उसे सुरक्षित तरीके से घर भेजा जाए। इसके बावजूद कुछ विद्यालयों के खुले रहने की शिकायत मिली है। जानकारी के अनुसार, सेंट लॉरेंस स्कूल और पेटीएआट इंटर कॉलेज समेत कई विद्यालय छुट्टी के आदेश के बावजूद खुले रहे। भारी बारिश के बीच बच्चों को स्कूल बुलाए जाने से प्रशासनिक आदेश के अनुपालन के साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में बीएसए शैलेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि यदि कोई विद्यालय प्रशासन के आदेश के बावजूद खुला पाया गया है तो संबंधित विद्यालय को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सदर बीईओ विनय विश्वकर्मा ने कहा कि आदेश के बावजूद विद्यालय खुले पाए जाने की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जाएगी। अब सवाल यह है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर जारी किए गए प्रशासनिक आदेश के बावजूद विद्यालय आखिर किस आधार पर खोले गए। प्रशासन की जांच में कितने स्कूल आदेश का उल्लंघन करते पाए जाते हैं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर रहेगी।

