HomeArchitectureBreakingउन्नाव में आउटसोर्स कर्मियों को बड़ी सौगात, कुशल श्रमिकों को ₹22 हजार...

उन्नाव में आउटसोर्स कर्मियों को बड़ी सौगात, कुशल श्रमिकों को ₹22 हजार तक पारिश्रमिक

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। निराला प्रेक्षागृह सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम के लोगो का अनावरण, वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारंभ तथा आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक समेत अन्य घोषणाओं का लाइव प्रसारण किया गया। उन्नाव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री कृतिराज, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड़ और सदर विधायक पंकज गुप्ता की मौजूदगी में नगर पालिका परिषद उन्नाव के सफाई कर्मियों एवं सीवर सफाई से जुड़े आउटसोर्स कर्मियों को सेवा कार्य में उपयोग होने वाली किट वितरित की गई।
श्रम विभाग की ओर से कन्या विवाह सहायता योजना के छह लाभार्थियों को 65-65 हजार रुपये के प्रतीकात्मक चेक तथा मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के 13 लाभार्थियों को चेक प्रदान कर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि सरकार ने आउटसोर्स कर्मियों की विभिन्न समस्याओं को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए उदाहरण है। समाज के अंतिम व्यक्ति को भी बराबरी का अधिकार, गौरव और सम्मान मिलना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आउटसोर्स कर्मियों से मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने तथा स्वावलंबी बनने का आह्वान किया।
1 से 5 तारीख के बीच मिलेगा पारिश्रमिक
नई व्यवस्था के तहत आउटसोर्स एजेंसियों को प्रत्येक माह 1 से 5 तारीख के बीच हर हाल में कर्मचारियों का पारिश्रमिक उपलब्ध कराना होगा। कर्मचारियों के ईपीएफ और ईएसआई खाते खुलवाकर निर्धारित धनराशि उनके खातों में जमा कराने की व्यवस्था भी की गई है। कार्मिकों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
व्यवस्था के तहत एससी/एसटी, ओबीसी, दिव्यांगजन, महिलाओं, ईडब्ल्यूएस, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों और भूतपूर्व सैनिकों को नियमानुसार आरक्षण की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। शासन की नई व्यवस्था के अनुसार कुशल श्रमिकों, जैसे कंप्यूटर ऑपरेटर आदि के लिए ₹22,000 तक तथा अकुशल श्रमिकों के लिए ₹20,000 तक पारिश्रमिक की व्यवस्था की गई है। इससे जनपद की 19 नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में कार्यरत करीब 1,449 आउटसोर्स कर्मियों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व समेत अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मियों ने देखा। इस अवसर पर परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त एसएन नागेश, नीलेश दीक्षित, राधेश्याम सिंह, पूर्णिमा सिंह, इंदीवर जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments