
मुंबई। आशीर्वाद संस्था द्वारा आयोजित “गीत गंगा ग़ज़ल सागर” कार्यक्रम में साहित्य, संगीत और संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा ने कहा कि आज के दौर में ऐसे साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन विरले ही देखने को मिलते हैं, जहाँ गंभीर साहित्यिक गोष्ठियों के साथ उच्चस्तरीय कवि सम्मेलन भी आयोजित किए जाते हों। इस अवसर पर वरिष्ठ कवि दास नारायण अग्रवाल की कृति “कृष्ण पद” का भव्य लोकार्पण किया गया। पुस्तक विमोचन के बाद कृष्ण भक्ति और साहित्य पर प्रो. करूणाशंकर उपाध्याय, वीरेन्द्र याज्ञिक तथा नेशनल एक्सप्रेस के संस्थापक विपिन गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में आशीर्वाद संस्था के अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल एवं सुभाष अग्रवाल ने पद्मश्री अनूप जलोटा को “आशीर्वाद रत्न पुरस्कार” से सम्मानित किया। इस दौरान प्रसिद्ध सूफी गायिका कविता सेठ ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया, जबकि अभिनेता-गायक अरुण बख्शी ने भी अपनी गायकी से समां बांध दिया। कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब अनूप जलोटा ने बिना किसी वाद्य-संगत के केवल अपनी मधुर आवाज़ में कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी सुमधुर गायकी ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कवि सम्मेलन में देवमणि पांडेय, महेश दुबे, नारायण अग्रवाल, ओबेद आज़म आजमी, नवीन चतुर्वेदी, अर्चना जौहरी, डॉ. शैलेश श्रीवास्तव, रजिया रागिनी, विनोद दुबे, रवि यादव और शिवदत्त अक्स सहित कई प्रतिष्ठित कवियों एवं शायरों ने अपनी रचनाओं का प्रभावशाली पाठ किया। कार्यक्रम का आकर्षक और शायराना अंदाज़ में संचालन कुमार जैन ने किया।

