
अहिल्यानगर, नाशिक, पुणे, मुंबई, रायगढ़ और नागपुर के यात्रियों से संपर्क, आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर 1070
मुंबई। नेपाल में पैदा हुई बाढ़ की स्थिति के बीच काठमांडू तथा चीन के सागा क्षेत्र में पर्यटन और दर्शन के लिए गए महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने शुक्रवार को बताया कि नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र सरकार के साथ-साथ नेपाल और चीन की संबंधित एजेंसियों के माध्यम से आवश्यक समन्वय किया जा रहा है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़, अहिल्यानगर और नागपुर समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों के कई नागरिक सुरक्षित हैं और उनकी वापसी की प्रक्रिया जारी है। अहिल्यानगर जिले के संगमनेर के टूर ऑपरेटर दर्शन गुंजाळ ने बताया कि 45 लोगों के एक समूह में अहिल्यानगर के 27, नाशिक के 12, पुणे के पांच और मुंबई का एक नागरिक शामिल है। निर्मलाताई गुंजाळ के नेतृत्व में यह समूह फिलहाल नेपाल के चितवन में सुरक्षित है। काठमांडू की ओर जाने वाले मार्ग बंद होने के कारण समूह लुंबिनी की ओर जा रहा है। लुंबिनी में रात्रि विश्राम के बाद समूह के अयोध्या के लिए रवाना होने की योजना है। राज्य सरकार की ओर से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं रायगढ़ जिले के जय गिरनारी शिवदत्त मंदिर ट्रस्ट की ओर से 37 लोग नेपाल में दर्शन और पर्यटन के लिए गए थे। फिलहाल सभी चीन के सागा में सुरक्षित बताए गए हैं। उनके रिश्तेदार दिलीप शेठ के मुताबिक समूह के सदस्यों की तबीयत ठीक है और इनमें दो डॉक्टर भी शामिल हैं। काठमांडू से 29 अगस्त को भारत लौटने के लिए उनकी उड़ान निर्धारित है। सभी यात्री वैकल्पिक मार्ग से काठमांडू के लिए रवाना हो चुके हैं और उनके शाम तक काठमांडू एयरपोर्ट पहुंचने की उम्मीद है। नागपुर जिले के सभी 106 नागरिक भी सुरक्षित बताए गए हैं और नागपुर जिला प्रशासन लगातार उनके संपर्क में है। इनमें से चार नागरिक विमान से सुरक्षित दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि शेष 102 नागरिक बस के रास्ते भारत में प्रवेश कर चुके हैं। ये 102 यात्री फिलहाल बिहार के सीतामढ़ी जिले में हैं और शुक्रवार रात पटना पहुंचकर वहां रुकेंगे। इसके बाद 29 अगस्त को सुबह सात बजे ट्रेन से पटना से नागपुर के लिए रवाना होंगे। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक वाशिम और बुलढाणा जिले के किसी नागरिक के नेपाल में फंसे होने की जानकारी अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। नाशिक जिले के पेठ के 11 नागरिक काठमांडू में हैं और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों की जानकारी जुटाने और उन तक तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने ऑनलाइन व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है। नेपाल की बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मंत्रालय स्थित नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत है। राज्य सरकार ने नागरिकों और उनके परिजनों से सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क करने की अपील की है।

