
मुंबई। ठाणे के तीन हाथ नाका क्षेत्र में 3000 मिमी व्यास की मुंबई-III जलवाहिनी में आई लीकेज की मरम्मत का काम शनिवार शाम 5 बजे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके बाद जलवाहिनी में पानी भरने (चार्जिंग) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और रात 9 बजे से मुंबई शहर तथा पूर्वी उपनगरों में चरणबद्ध तरीके से जलापूर्ति सामान्य होने लगेगी।महानगरपालिका के अनुसार, 13 अगस्त की रात मुंबई-III जलवाहिनी में पहली बार रिसाव का पता चला था। जल कार्य (नगरबाह्य) विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लकड़ी की खूंटी लगाकर अस्थायी रूप से रिसाव बंद किया। इसके बाद क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास खुदाई कर क्षेत्र को खोला गया और जमा पानी निकालकर मरम्मत की तैयारी की गई।स्थायी मरम्मत के लिए क्षतिग्रस्त हिस्से पर माइल्ड स्टील (एमएस) पैच प्लेट लगाकर वेल्डिंग करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, शनिवार को मरम्मत के दौरान जलवाहिनी में दोबारा रिसाव शुरू हो गया। पानी के अत्यधिक दबाव के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हुआ, जिससे मुंबई शहर और पूर्वी उपनगरों की जलापूर्ति पर असर पड़ा।इसके बाद पिसे पंपिंग स्टेशन और पांजरापूर जल शुद्धीकरण परियोजना के साथ समन्वय स्थापित कर जलापूर्ति को नियंत्रित किया गया, जिससे दाबयुक्त जलवाहिनी की सुरक्षित मरम्मत संभव हो सकी।महानगरपालिका के जल कार्य (नगरबाह्य) विभाग के अभियंताओं और कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए शनिवार शाम 5 बजे मरम्मत पूरी कर ली। अब जलवाहिनी में पानी भरने की प्रक्रिया जारी है और रात 9 बजे से प्रभावित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति चरणबद्ध तरीके से सामान्य होने लगेगी।

