
उन्नाव (उत्तर प्रदेश)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का 56वां जन्मदिन जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में केक काटकर उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। इसके साथ ही उमा शंकर दीक्षित संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित कर सेवा कार्य भी किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं तथा देश के मौजूदा हालात पर गंभीर चिंतन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद कर रहे हैं। जिला उपाध्यक्ष हनुमत सिंह ने कहा कि राहुल गांधी किसानों, मजदूरों, छात्रों, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ रहे हैं। वहीं संगठन उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश शुक्ला ने कहा कि वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों में राहुल गांधी विपक्ष की भूमिका को प्रभावी ढंग से निभा रहे हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत हैं। कार्यक्रम के दौरान कोषाध्यक्ष शिवम अवस्थी ने राहुल गांधी के दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए अपने साथियों के साथ उमा शंकर दीक्षित संयुक्त चिकित्सालय पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल तिवारी, महामंत्री यूसुफ फारूकी, अनुराग सिंह, आशुतोष शर्मा, बाबूराम निषाद, मणिकांत रावत, सलमान शाहिद, सुरेश श्रीवास्तव, सुनीत पाल, प्रदीप शर्मा, संजीव श्रीवास्तव, अमित मौर्य, सैयद सैफ, सुनील कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



