
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की पुण्यतिथि के अवसर पर मणिकर्णिका वूमेन्स क्लब की महिलाओं ने रानी लक्ष्मीबाई पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और दीपदान कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूरा वातावरण श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर रहा। कार्यक्रम में क्लब की सदस्यों ने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। महिलाओं ने उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट सपना सरावगी, प्रेसिडेंट ओमनी राय, पूनम गुप्ता, सुनंदिनी नरवरिया तथा सुरभि नरवरिया सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। उपस्थित महिलाओं ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन आज भी महिलाओं के लिए साहस, आत्मसम्मान और संघर्ष का प्रतीक है। उनका अद्वितीय बलिदान और वीरता आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी तथा राष्ट्रप्रेम और नारी शक्ति का संदेश देती रहेगी।



