
झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT)-2022 लिखित परीक्षा का दूसरा दिन गुरुवार को जनपद झांसी के छह परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ। परीक्षा की निगरानी आयोग द्वारा नामित ऑब्जर्वर श्रीमती कुमुदलता श्रीवास्तव ने की।ऑब्जर्वर श्रीमती कुमुदलता श्रीवास्तव ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह तथा असिस्टेंट लेबर कमिश्नर दीपिका परम के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा शुरू होने से पहले कोषागार से प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों के कमांड कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों, वॉइस रिकॉर्डिंग व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय और रैंप जैसी सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों की निगरानी भी की।ऑब्जर्वर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में नकल या डमी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने प्रवेश पत्रों की गहन जांच, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला कर्मियों द्वारा ही किए जाने के निर्देश दिए।परीक्षा के दौरान जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 प्रभावी रही, जिसका प्रशासन और पुलिस द्वारा सख्ती से पालन कराया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगातार निगरानी करते रहे।परीक्षा नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रथम पाली में 2,120 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 975 उपस्थित और 1,145 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 1,937 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 1,005 उपस्थित और 932 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 2,077 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस बल की सराहना की। परीक्षा के सफल आयोजन पर अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को बधाई दी।



