
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने रिसाला चुंगी से मेडिकल कॉलेज गेट नंबर 01 तक तथा गेट नंबर 03 के आगे पार्किंग स्थल से कानपुर बाईपास तिराहा तक चल रहे डिवाइडर एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिवाइडर के अलाइनमेंट में सुधार करने, काली मिट्टी व खाद डालने के बाद ही मानसून सत्र में पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर डिवाइडर के कर्ब स्टोन क्षतिग्रस्त पाए गए, जिन्हें तत्काल बदलकर कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात नगर आयुक्त ने पैरा मेडिकल कॉलेज में भारत की जनगणना 2027 से संबंधित चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया और वहां की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर सहायक अभियंता गौरव कुमार, मुख्य अभियंता राजवीर सिंह, अधिशासी अभियंता नीना सिंह, सहायक अभियंता विपिन कुमार, अवर अभियंता विनीत कुमार (लोक निर्माण विभाग, नगर निगम झांसी) एवं अवर अभियंता मोहित गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




