HomeBusinessDevelopmentसंत कबीर नगर में 684 करोड़ की 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण...

संत कबीर नगर में 684 करोड़ की 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, सीएम योगी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

मगहर में संत कबीर अकादमी के निर्माण से लेकर तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर तक विकास कार्यों को मिलेगी गति

संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के विकास को नई गति दे रही है। मंगलवार को संत कबीर नगर में ₹684 करोड़ से अधिक लागत की 201 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलता हुआ संत कबीर नगर आज बदलते हुए उत्तर प्रदेश की कहानी कह रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मगहर में संत कबीर अकादमी का निर्माण कराया गया है और संत कबीर दास जी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर शोध एवं अध्ययन के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में बाबा तामेश्वरनाथ धाम के कॉरिडोर के निर्माण के लिए सरकार कार्य कर रही है। कॉरिडोर निर्माण के दौरान वहां रहने वाले लोगों को मुआवजा देने के साथ ही उनके पुनर्वास की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने बैजूनाथ धाम के विकास का भी उल्लेख करते हुए कहा कि धर्मार्थ कार्य विभाग को जल्द से जल्द प्रस्ताव मंगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वहां भी आवश्यक विकास कार्य कराए जा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहराइच से बांसी होते हुए खलीलाबाद तक बन रही रेलवे लाइन संत कबीर नगर के विकास का आधार बनेगी। इससे क्षेत्र में आवागमन के साथ ही व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जैसे ही संत कबीर नगर का लैंड बैंक तैयार होगा, यहां विकास प्राधिकरण के गठन की कार्यवाही को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में भी आगे बढ़ रही है, क्योंकि आज के समय में यह आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में संत कबीर नगर में 95 हजार परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत तीन लाख से अधिक किसानों को प्रत्येक वर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। वहीं करीब 3.5 लाख गरीब परिवारों के घरों में शौचालयों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार में काम करने की इच्छाशक्ति होनी चाहिए। नीयत साफ हो तो नीति बनती है और नीति बनने के बाद निर्माण होता है। संत कबीर नगर में हो रहे विकास कार्य साफ नीयत और ईमानदार प्रयासों का परिणाम हैं। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, लैपटॉप एवं प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments