
मुंबई। नेशनल डिफेंस कॉलेज, नई दिल्ली में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारत तथा छह मित्र देशों के वरिष्ठ सैन्य एवं नागरी सेवा अधिकारियों के 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से लोक भवन, मुंबई में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में भारतीय नौसेना, वायुसेना एवं थलसेना के ब्रिगेडियर स्तर के अधिकारी तथा राजस्व सेवा के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा रूस, ओमान, इंडोनेशिया, नाइजीरिया, नेपाल और तंज़ानिया के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे। नेशनल डिफेंस कॉलेज के वरिष्ठ सलाहकार मेजर जनरल हरकिरत सिंह (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल इन दिनों मुंबई और पुणे के अध्ययन दौरे पर है। इस दौरान राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए भारत और मित्र देशों के बीच रक्षा सहयोग, सामरिक साझेदारी और आपसी समझ को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।




