
झांसी, उत्तर प्रदेश। सांवरिया सेठ फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित ग्रामीण प्रीमियर लीग 20-20 डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ जी.आई.सी. क्रिकेट ग्राउंड, झांसी में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक संदीप सरावगी, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, बृजेंद्र यादव तथा ऊर्जा फाउंडेशन की अध्यक्ष राशि साहू विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में रॉयल स्टेटस एवं बार एसोसिएशन की टीमों के बीच रोमांचक मैच खेला गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। इसके बाद खेले गए संघर्षपूर्ण मुकाबले में जिला अधिवक्ता संघ की टीम ने विपक्षी टीम को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में उमेश वर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। उन्हें यह सम्मान बृजेंद्र यादव, राकेश कुमार रायकवार (सीनियर एडवोकेट व डायरेक्टर, सांवरिया सेठ फाउंडेशन), प्रथम सिंह कश्यप (अध्यक्ष, सांवरिया सेठ फाउंडेशन), अरुण कुमार (ए वन प्रॉपर्टीज, बबीना) तथा महेंद्र कुमार रायकवार (मैनेजिंग डायरेक्टर, झांसी ग्रामीण प्रीमियर लीग) द्वारा प्रदान किया गया। आयोजकों के अनुसार, इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें झांसी जनपद की ग्रामीण एवं शहरी क्रिकेट टीमें शामिल हैं। टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य जिले की उभरती हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना है, ताकि युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर आगे बढ़ सकें। डे-नाइट प्रारूप में आयोजित यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों ने प्रतीकात्मक रूप से बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है। समारोह में आयोजक समिति के पदाधिकारी, खिलाड़ी, कोच, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि कल होने वाले मुकाबले में 11 स्टार और बबीना बॉम्बर की टीमें आमने-सामने होंगी, जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह है।



