HomeMaharashtraमहाराष्ट्र में आग की दो बड़ी घटनाएं: नागपुर में फैक्ट्री जलकर राख,...

महाराष्ट्र में आग की दो बड़ी घटनाएं: नागपुर में फैक्ट्री जलकर राख, मुंबई में बुजुर्ग महिला की मौत

नागपुर/मुंबई। महाराष्ट्र में मंगलवार को आग की दो अलग-अलग घटनाओं में भारी नुकसान और एक जान चली गई। नागपुर जिले के कामठी के पास उप्पावाड़ी स्थित एक पेपर प्रोसेसिंग कंपनी में मंगलवार तड़के करीब 1:30 बजे भीषण आग लग गई, जिसमें कंपनी की पूरी मशीनरी और कच्चा माल जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से करीब 5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, कंपनी में पेपर और केमिकल का बड़ा स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैल गई और लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। मौके पर पहुंची दमकल टीमों ने करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि दोपहर तक कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा। आग में पेपर रोल, पूरी मशीनरी, लिफ्ट कांटा, लिफ्ट वाहन, एलपीजी सिलेंडर, केमिकल व फेविकोल ड्रम, एयर कंडीशनर, छत के पंखे समेत अन्य सामग्री जल गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, मुंबई के विले पार्ले ईस्ट इलाके में फिरोज शाह मेहता रोड स्थित सुविधा पर्ल बिल्डिंग की 13वीं मंजिल पर सोमवार, 9 फरवरी 2026 को दोपहर 12.44 बजे लगी आग में 63 वर्षीय भावना सातरा की मौत हो गई, जबकि 34 वर्षीय अनेरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दमकल विभाग ने पांच फायर इंजन और दो जंबो वाटर टैंकर की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। अत्यधिक धुआं भरने के कारण दोनों महिलाओं को सांस लेने में दिक्कत हुई और उन्हें नानावटी अस्पताल ले जाया गया, जहां भावना सातरा को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अनेरी का इलाज जारी है। फ्लैट सबसे ऊपरी मंजिल पर होने और कॉरिडोर व सीढ़ियों में धुआं भर जाने से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं। दोनों मामलों में प्रशासन ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments