
मुंबई। समाज के सामने बढ़ती चुनौतियों के बीच ईमानदारी, सेवा और समर्पण जैसे मूल्यों को बनाए रखना बेहद आवश्यक है, और पुरस्कार विजेता इन मूल्यों के जीवंत उदाहरण हैं। यह विचार जिष्णु देव वर्मा ने व्यक्त किए। वे Afternoon Voice द्वारा यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में आयोजित “18वें न्यूजमेकर्स अचीवर्स अवॉर्ड्स 2026” समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर डॉ. संध्या पुरेचा, डॉ. वैदेही तमन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में राज्यपाल ने महाराष्ट्र दिवस और मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज सेवा, कला-संस्कृति, पत्रकारिता, शिक्षा और नवाचार जैसे क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों का योगदान समाज को समृद्ध बनाता है।
विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों को किया गया सम्मानित
इस समारोह में कई प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया गया। जीवनगौरव पुरस्कार के लिए रमेश पतंगे, राही भिडे, हरिहरन, सुषमा देशपांडे, दत्ता बारगजे और जीनत अमान को विशेष रूप से सराहा गया। राज्यपाल ने संगीत के क्षेत्र में हरिहरन के योगदान को उल्लेखनीय बताया, वहीं सूचना के अधिकार के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने वाले विजय कुंभार के कार्यों की भी प्रशंसा की। इसके अलावा योगेंद्र बांगर के ‘आजीबाईची शाळा’ जैसे अभिनव शैक्षणिक प्रयास को भी सराहा गया।
महाराष्ट्र की प्रगतिशील परंपरा का उल्लेख
राज्यपाल ने कहा कि महाराष्ट्र की पहचान प्रगतिशील विचार, सामाजिक सुधार और सांस्कृतिक समृद्धि से जुड़ी है। छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के कार्यों ने राज्य को नई दिशा दी है। इस अवसर पर उषा मंगेशकर, हरिहरन, संजिव कपूर, सुषमा देशपांडे, राही भिडे और दत्ता बारगजे को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समापन में, राज्यपाल ने कहा कि ऐसे पुरस्कार समाज में प्रेरणा, जिम्मेदारी और राष्ट्रनिर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।




