
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली यूपीटीईटी परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या अनियमितता को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी डुप्लीकेट अभ्यर्थी को शामिल होने से रोकने के लिए कक्ष निरीक्षक प्रवेश पत्रों की गंभीरता से जांच करें तथा प्रत्येक परीक्षार्थी की पहचान सुनिश्चित करें। जनपद झांसी में परीक्षा 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। 2 और 3 जुलाई को परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी। वहीं 4 जुलाई को केवल पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक परीक्षा कराई जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों का पुनः निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक केंद्र पर वॉयस रिकॉर्डिंग युक्त सीसीटीवी कैमरे, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, रैंप सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक अथवा अन्य कोई भी अधिकारी मोबाइल फोन, एंड्रॉयड फोन या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर प्रवेश नहीं करेगा। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षार्थियों की तलाशी पूरी सतर्कता के साथ ली जाए तथा महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला शिक्षिकाओं द्वारा ही कराई जाए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास धरना-प्रदर्शन, जुलूस, जनसभा और बिना अनुमति लाउडस्पीकर के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित सभी फोटोस्टेट मशीनें बंद रखने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि में जनपद झांसी में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-163 प्रभावी रहेगी और सभी अधिकारी इसके अनुपालन के लिए जिम्मेदार होंगे। यूपीटीईटी-2026 के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि परीक्षा के लिए जनपद में कुल 36,959 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। 2 जुलाई को पहली एवं दूसरी पाली में 7,445-7,445 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 3 जुलाई को दोनों पालियों में 7,446-7,446 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि 4 जुलाई को एकमात्र पाली में 6,477 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी 20 परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों, 20 स्टैटिक/सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा विभागीय पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी गई है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रती वर्मा, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सतीश कुमार, मिलन गुप्ता, सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



