
ठाणे। ठाणे के शिलफाटा इलाके में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब अशोक लेलैंड का एक कंटेनर अनियंत्रित होकर हाईवे पर चल रहे ट्रक से पीछे से जा टकराया। यह दुर्घटना भोलेनाथ नगर स्थित दोस्ती बिल्डिंग के सामने सुबह करीब 3:46 बजे हुई, जिसमें दोनों वाहनों के चालकों को मामूली चोटें आईं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंटेनर चालक मोहम्मद मुमताज पुणे से गुजरात की ओर जा रहे थे। कंटेनर में लगभग 9 टन वजनी 7 टाटा कारें लदी हुई थीं। इसी दौरान शिलफाटा स्थित भोलेनाथ नगर में कंटेनर अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया।वहीं ट्रक चालक फिरोज अली भिवंडी के मनकोली से खोपोली के खलापुर की ओर 6 टन पेंट के बैरल लेकर जा रहे थे। टक्कर के बाद ट्रक में रखे पेंट के बैरल सड़क पर फैल गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।घटना की सूचना मिलते ही शिल दाइघर पुलिस, यातायात पुलिस, अग्निशमन दल और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने सड़क पर फैले पेंट पर मिट्टी डालकर फिसलन को नियंत्रित किया। बाद में क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।ठाणे आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, समय रहते राहत कार्य शुरू होने के कारण कोई बड़ा हादसा टल गया, हालांकि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है।




