
मुंबई। महाराष्ट्र में व्यावसायिक यात्री वाहन चालकों को मराठी भाषा से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे मराठी शिक्षण अभियान’ को राज्यभर में उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि अब तक 1 लाख से अधिक अमराठी व्यावसायिक वाहन चालकों ने व्यवहारिक मराठी का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। उन्होंने शेष चालकों से भी 15 अगस्त से पहले प्रशिक्षण पूरा करने की अपील की। गुरुवार कों अभियान की समीक्षा बैठक में परिवहन आयुक्त राजेश नार्वेकर, वरिष्ठ साहित्यकार प्रदीप ढवण, मुंबई मराठी साहित्य संघ तथा कोकण मराठी साहित्य परिषद के प्रतिनिधि उपस्थित थे। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि महाराष्ट्र में रोजगार करना है तो मराठी से जुड़ना ही होगा। यह किसी पर थोपी गई भाषा नहीं, बल्कि अपनत्व की भाषा है। यात्रियों से मराठी में दो आत्मीय शब्द बोलने वाला प्रत्येक चालक महाराष्ट्र की संस्कृति का सम्मान करने वाला दूत बनता है। उन्होंने कहा कि मराठी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की अस्मिता और संस्कृति की पहचान है। राज्य में आजीविका कमाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मराठी भाषा का सम्मान करना चाहिए। यात्रियों के साथ मराठी में संवाद होने से न केवल व्यवहार आसान होगा, बल्कि लोगों के बीच आत्मीयता और विश्वास भी बढ़ेगा। मंत्री ने बताया कि मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा मिलने के बाद उसके सम्मान और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान को लाखों अमराठी नागरिकों ने सकारात्मक और सम्मानजनक प्रतिसाद दिया है। उन्होंने कहा कि मराठी सीखने की यह स्वैच्छिक पहल हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे के मराठी प्रेम को सच्ची श्रद्धांजलि है।
यह अभियान राज्य सरकार के मराठी भाषा विभाग, मुंबई मराठी साहित्य संघ और कोकण मराठी साहित्य परिषद के संयुक्त सहयोग से राज्यभर में जनआंदोलन का रूप ले रहा है। सरनाईक ने कहा कि मराठी सीखने वाला प्रत्येक चालक केवल नियमों का पालन करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की संस्कृति का सम्मान करने वाला संवेदनशील नागरिक भी बनता है।
17 अगस्त को होगा अभियान का समापन
1 मई से शुरू हुए ‘हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे मराठी शिक्षण अभियान’ का समापन 17 अगस्त को ठाणे स्थित राम गणेश गडकरी रंगायतन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों होगा। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा मराठी भाषा मंत्री उदय सामंत भी उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह में व्यवहारिक मराठी का प्रशिक्षण पूरा करने वाले हजारों अमराठी चालकों को कोकण मराठी साहित्य परिषद की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। परिवहन विभाग ने सभी शेष अमराठी व्यावसायिक यात्री वाहन चालकों से 15 अगस्त तक प्रशिक्षण पूरा कर व्यवहारिक मराठी सीखने की अपील की है।

