डिजिटल होगी जनगणना: मोबाइल ऐप, रियल-टाइम डेटा और स्वगणना पोर्टल की दी गई जानकारी

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में जनगणना-2027 को लेकर चल रहे प्रशिक्षण अभियान का जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी गौरांग राठी ने राजकीय इंटर कॉलेज में निरीक्षण किया और प्रशिक्षण ले रहे कार्मिकों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों (Enumerator) और पर्यवेक्षकों (Supervisor) की भूमिका व जिम्मेदारियों को विस्तार से समझाया।जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। मोबाइल ऐप के जरिए डेटा संकलन होगा, जो रियल-टाइम में सर्वर पर उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही पहली बार नागरिकों को स्वगणना (Self Enumeration) का अवसर भी दिया गया है, जिसके तहत वे 7 मई से 21 मई 2026 तक पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान कार्मिक हर विषय को पूरी तरह समझें और किसी भी प्रकार की शंका हो तो तुरंत प्रश्न पूछें, ताकि कार्य में कोई त्रुटि न रहे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक राजकीय इंटर कॉलेज में संचालित किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान प्रगणकों को अपने आवंटित क्षेत्र के प्रत्येक हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में जाकर भौतिक सत्यापन करते हुए नक्शा तैयार करना होगा। एचएलओ ऐप के माध्यम से कुल 34 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी, जिसमें मकान, सुविधाएं और परिवार से जुड़े प्रश्न शामिल हैं।प्रशिक्षण के तहत पहले मास्टर ट्रेनर्स को तैयार किया गया, जो अब तहसील स्तर पर प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित कर रहे हैं। दो बैचों में यह प्रशिक्षण चल रहा है, जिसमें पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए विस्तृत जानकारी दी जा रही है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जनपद में प्रशिक्षण कार्यक्रम विभिन्न चरणों में 20, 21, 22 अप्रैल, 25 व 27 अप्रैल तथा 29 अप्रैल 2026 को अलग-अलग स्थलों पर आयोजित किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वरुण कुमार पाण्डेय, तहसीलदार सदर विवेक कुमार, नायब तहसीलदार नसीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




