
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित डॉ. वीरेन्द्र स्वरूप मेमोरियल ट्रस्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में अमर शहीद एवं महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम में चंद्रशेखर आजाद के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद उन्नाव के अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं समाजसेवी प्रवीण मिश्रा ‘भानू’, संस्थान के सचिव डॉ. अलक्षेन्द्र स्वरूप, रजिस्ट्रार डॉ. देशराज साहू, डायरेक्टर (इंजीनियरिंग) डॉ. अजय गौड़ तथा डायरेक्टर (मैनेजमेंट) डॉ. आशुतोष मिश्रा ने चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली तथा चंद्रशेखर आजाद स्मृति पार्क पहुंचकर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रवीण मिश्रा ‘भानू’ ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। रजिस्ट्रार डॉ. देशराज साहू ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का जीवन साहस, त्याग, आत्मसम्मान और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आजाद का संघर्ष अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़े होने की प्रेरणा देता है।डायरेक्टर (इंजीनियरिंग) डॉ. अजय गौड़ ने चंद्रशेखर आजाद के जीवन संघर्ष, अदम्य साहस और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत रचनाओं के माध्यम से उनके व्यक्तित्व को याद किया।
डायरेक्टर (मैनेजमेंट) डॉ. आशुतोष मिश्रा ने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका डॉ. अंकिता यादव ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. आशीष तिवारी, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. अंकित कटियार, दीपक सोनकर, शिखा शर्मा, कीर्ति भट्ट, ब्रजेन्द्र शुक्ला, डॉ. अखिलेन्द्र सिंह, मीनाक्षी दीक्षित, दीपाली निषाद, सोनिया राय, तनवीर जहाँ, नूपुर पाल, अक्षिता मिश्रा, विनय मिश्रा, नेहा शुक्ला, मोहम्मद कलाम सहित संस्थान के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

