
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। भारतीय सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील जी महाराज, जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं का उन्नाव आगमन पर होटल शिवा इन में भव्य स्वागत किया गया। सभी धर्मगुरु लखनऊ में आयोजित एक विद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। स्वागत समारोह का आयोजन भारतीय सर्व धर्म संसद के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा बाबा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सभापति अमित मिश्रा, युवा नेता सौरभ वर्मा, लक्ष्य निगम, कुंवर प्रीत सिंह, मनोज कुमार, सचिन वर्मा, अनुप, दिनेश सहित विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील जी महाराज ने कहा कि उन्नाव आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल है, जहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं। अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुई चोरी की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सर्वोपरि है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सरकार और आंदोलनरत पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की गई है। सरदार सुरजीत सिंह ने दिल्ली की हालिया घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सभी पक्षों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। जगद्गुरु स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज ने कहा कि मानवता सभी धर्मों का मूल संदेश है और धर्म के आधार पर समाज को विभाजित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारतीय सर्व धर्म संसद के सदस्य मणिपुर, ईरान सहित विभिन्न स्थानों पर जाकर सामाजिक एवं धार्मिक सद्भाव का संदेश दे चुके हैं। स्वामी वीर सिंह हितकारी जी महाराज ने कहा कि विभिन्न धर्मों के लोग एक-दूसरे के धार्मिक स्थलों पर जाते हैं और धार्मिक सौहार्द बनाए रखना समाज के हित में है। उन्होंने धार्मिक मुद्दों पर अनावश्यक विवाद और बयानबाजी से बचने की आवश्यकता पर बल दिया। मौलाना मुहम्मद अजाजुर रहमान ने कहा कि यदि युवा अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं तो सरकार और युवाओं के बीच संवाद होना चाहिए, ताकि समस्याओं का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जा सके। रेव. फादर सेवारिटयन कांलिठाणाम ने बताया कि लखनऊ के एक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सभी धर्मों और समुदायों के बच्चे भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय सर्व धर्म संसद समाज के प्रत्येक वर्ग और देश के युवाओं के हित में कार्य कर रही है। इस अवसर पर भिक्खू संघेसिना, परमजीत सिंह चंडोक सहित भारतीय सर्व धर्म संसद के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी धर्मों के बीच आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।

