HomeArchitectureBreakingखोपोली के ऐतिहासिक वीरेश्वर मंदिर से 17 किलो चांदी की परत चोरी...

खोपोली के ऐतिहासिक वीरेश्वर मंदिर से 17 किलो चांदी की परत चोरी मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

नवी मुंबई। रायगढ़ जिले के खोपोली स्थित ऐतिहासिक पेशवा-कालीन वीरेश्वर मंदिर में शिवलिंग पर चढ़ी लगभग 17 किलोग्राम चांदी की परत चोरी करने के आरोप में खोपोली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चांदी की परत भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना 19 जुलाई की तड़के करीब 2:30 बजे हुई, जब आरोपी कथित रूप से मंदिर परिसर में घुसे और शिवलिंग पर लगी चांदी की परत चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमोल सुरेश कसबे (36) और विलास साहेबराव अगिवाले (25), निवासी शिरूर (जिला पुणे), तथा दिलीप राजू जाधव (40) और सखाराम छबन गायकवाड़ (40), निवासी पारनेर (जिला अहिल्यानगर) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि चोरी की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। हालांकि, मंदिर के बाहर लगे कई सीसीटीवी कैमरे बंद होने के कारण आरोपियों के भागने के मार्ग का पता लगाने में शुरुआती कठिनाई आई। घटना की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ की पुलिस अधीक्षक अंचल दलाल ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में उपविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. विशाल नेहुल पाटिल तथा खोपोली पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन हिरे की निगरानी में जांच शुरू की गई। मामले के खुलासे के लिए आठ विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, फास्टैग डेटा, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस को पता चला कि घटना के बाद संदिग्धों का वाहन कर्जत की ओर गया था। इसके बाद पुलिस ने पुणे के शिरूर और अहिल्यानगर के पारनेर में छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 17 किलोग्राम चांदी की परत सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल था या नहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments