HomeArchitectureBreakingअग्निकांड से सबक लें व्यापारी, बाजारों को अतिक्रमण मुक्त रखकर अपनाएं अग्नि...

अग्निकांड से सबक लें व्यापारी, बाजारों को अतिक्रमण मुक्त रखकर अपनाएं अग्नि सुरक्षा उपाय: जेडीए उपाध्यक्ष

देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष हिमांशु जोशी की अध्यक्षता में जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों द्वारा विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ अग्नि सुरक्षा जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों को अग्निशमन सुरक्षा, भवन मानकों, आग से बचाव के उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। जेडीए उपाध्यक्ष हिमांशु जोशी ने कहा कि विगत दिनों शहर के व्यस्त बाजार में हुए अग्निकांड से व्यापारियों को सीख लेने की आवश्यकता है। विशेष रूप से शहर के पुराने और घनी आबादी वाले बाजारों में अधिक सावधानी बरती जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने व्यापारियों से अपने बाजारों को अतिक्रमण मुक्त रखने और दुकान का सामान सड़क पर न रखने की अपील करते हुए कहा कि अतिक्रमण से न केवल आम नागरिकों के आवागमन में परेशानी होती है, बल्कि आग जैसी आपात स्थिति में दमकल और राहत वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में भी बाधा उत्पन्न होती है। उन्होंने व्यापारियों और भवन स्वामियों से कहा कि व्यावसायिक अथवा आवासीय भवन का निर्माण कराने से पहले उसका मानचित्र झांसी विकास प्राधिकरण से अवश्य स्वीकृत कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नियमानुसार प्रस्तुत मानचित्रों को समयबद्ध तरीके से स्वीकृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी आर्थिक बचत के लालच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करना भविष्य में बड़े नुकसान का कारण बन सकता है, इसलिए परिवार, कर्मचारियों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सोच में बदलाव आवश्यक है। कार्यक्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी आर.के. राय ने व्यापारियों को आग लगने की घटनाओं से बचाव, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का प्रदर्शन करते हुए व्यापारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों और घरों में विद्युत लोड की नियमित जांच कराने की अपील करते हुए कहा कि बिजली के अत्यधिक लोड और खराब वायरिंग के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सकता है। उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरण लगाने, उनकी नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि अग्नि सुरक्षा मानकों को पूरा करने में विभाग हरसंभव सहयोग करेगा। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, सीओ सिटी रामवीर सिंह, जिला आपदा विशेषज्ञ धीरज पाठक, पवन कोष्ठा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय पटवारी, दिलीप अग्रवाल, अतुल अग्रवाल किलपन, संतोष साहू सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों और प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments