Homeउत्तर प्रदेशसैयर में गूंजा कुश्ती का रोमांच, दूर-दराज से आए पहलवानों ने दिखाए...

सैयर में गूंजा कुश्ती का रोमांच, दूर-दराज से आए पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच

झांसी, उत्तर प्रदेश। ग्राम सैयर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मनसा नाथ भगवान एवं बूढ़े महादेव बलखंडेश्वर धाम के पावन प्रांगण में भव्य दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक खेल-कौशल के अद्भुत संगम ने दंगल को यादगार बना दिया। अखाड़े में जैसे ही पहलवानों ने एक-दूसरे को ललकारा, पूरा वातावरण तालियों और उत्साह से गूंज उठा।दंगल में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, नोएडा, बांदा, हमीरपुर, ग्वालियर, बबीना, झांसी एवं करारी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए नामचीन पहलवानों ने भाग लिया। पहलवानों ने अखाड़े की मिट्टी में अपनी ताकत, फुर्ती और कुश्ती के पारंपरिक दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया। कभी पटखनी के लिए जोर आजमाइश तो कभी चित करने के लिए लगाए गए पेचों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।दंगल प्रतियोगिता में संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने कुश्ती का उद्घाटन किया। उन्होंने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कुश्ती केवल शरीर की शक्ति का खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, संयम, साहस और आत्मविश्वास की साधना है। अखाड़े की मिट्टी हमें संघर्ष करना, गिरकर फिर उठना और लक्ष्य के लिए निरंतर प्रयास करना सिखाती है। ग्रामीण अंचलों में दंगल जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताएं हमारी लोकसंस्कृति और खेल विरासत को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।डॉ. सरावगी ने कहा कि बुंदेलखंड की धरती वीरता और पराक्रम की भूमि रही है। यहां की मिट्टी में पले-बढ़े युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि उन्हें उचित मंच, प्रोत्साहन और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने दंगल के आयोजन के लिए ग्रामवासियों एवं प्रधान परिवार को बधाई देते हुए पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। दंगल में श्री श्री 1008 श्री आनंद गिरि जी महाराज, बलखंडेश्वर धाम आश्रम सैयर पहाड़, श्री श्री 1008 श्री बल्लू महाराज, खाती बाबा मंदिर बिजौली, बबीना विधायक राजीव परीछा, समाजसेवी डॉ. संदीप सरावगी, जिला पंचायत अध्यक्ष झांसी पवन गौतम, वीरेंद्र प्रताप ‘वीरू भैया’, संजीव यादव सिमरदा, कामता प्रसाद यादव, पूर्व प्रधान सैयर, सुरेश यादव सैयर, राजगढ़ के मेहरबान सिंह यादव, संजय यादव सैयर, चंदन यादव ताला, मनोज यादव सैयर शिक्षामित्र, मस्तराम वंशकार सैयर, गोपीचंद कुशवाहा सैयर, गजेंद्र यादव उर्फ राम प्रसाद, राकेश यादव, कमलेश यादव, अशोक यादव, अभिषेक, लखपत यादव प्रधान प्रतिनिधि सैयर, दीनू एवं अनू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और आसपास के ग्रामीण पहुंचे। पहलवानों के रोमांचक मुकाबलों पर दर्शकों ने तालियों और जयकारों से उनका उत्साह बढ़ाया। आयोजन स्थल पर देर तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा। दंगल का आयोजन समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी तथा प्रधान परिवार सैयर की ओर से किया गया। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, पहलवानों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और हमारी सांस्कृतिक विरासत भी सुरक्षित रहती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments