
ठाणे। राजस्थान विकास मंच द्वारा गुरुवार को ठाणे के वुडलैंड होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी राजस्थान महोत्सव की रूपरेखा साझा की गई। इस अवसर पर मंच के अध्यक्ष कपूर रामावत, मुख्य संरक्षक व राजस्थान प्रगति मंडल के अध्यक्ष राकेश मोदी तथा ठाणे शहर अध्यक्षा विमल हिरेन ने मीडिया को संबोधित किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजस्थान के इतिहास और स्थापना दिवस की जानकारी देते हुए बताया गया कि राजपूताना की विभिन्न रियासतों को मिलाकर जब वृहद राजस्थान का गठन हुआ, वह तिथि हिंदू नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (30 मार्च) थी। इसी दिन को राजस्थान दिवस के रूप में मनाया जाता है। बताया गया कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में इस वर्ष से पुनः राजस्थान दिवस को हिंदू नववर्ष के दिन मनाने की परंपरा शुरू की गई है। इसी क्रम में 30 मार्च 2026, सोमवार को शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक वेदांत खुला रंगमंच में राजस्थान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में राजस्थानी समाज की 36 कौमें एक साथ मिलकर उत्सव मनाएंगी। कार्यक्रम में राजस्थान के सुप्रसिद्ध लोकगायक और लोकनृत्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में प्रसिद्ध घूमर नृत्य प्रस्तुत करेंगी। कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले भामाशाहों को ‘राजस्थान गौरव’ और ‘राजस्थान विभूषण’ सम्मान से भी सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन में दिया कुमारी, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, ठाणे लोकसभा सांसद नरेश म्हस्के, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, प्रताप सरनाईक, विधायक संजय केलकर, निरंजन डावखरे, महापौर शर्मिला पिंपोलकर और उपमहापौर कृष्ण पाटिल सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहने की संभावना है। आयोजन समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं। महिला मंडल की अध्यक्षा पीयूष कुंवर चौहान, प्रदेश प्रभारी शीतल मोदी और अन्य पदाधिकारी भी सक्रिय रूप से तैयारियों में लगी हैं।मंच की ओर से मीडिया के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लें और राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद भी चखें।




